सुप्रीम कोर्ट के निर्देश भी लोनी में बेअर,खुलेआम हो रही है प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री
ग्रैप-3 लागू के बावजूद उड़ रही नियमों की धज्जियां
पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में निर्माण सामग्री का खुलेआम कारोबार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देश और ग्रैप-3 की पाबंदियों के बावजूद लोनी क्षेत्र में नियमों की खुलेआम अनदेखी होती दिखाई दे रही है। एक ओर बाजारों में प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री का आरोप है, तो दूसरी ओर निर्माण सामग्री के कारोबार में भी प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का पालन होता नजर नहीं आ रहा। हालात ऐसे हैं कि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जारी दिशा-निर्देशों के बावजूद संबंधित विभागों की सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोनी के ट्रोनिका सिटी, डीएलएफ, लोनी तिराहा और विकास कुंज सहित विभिन्न प्रमुख बाजारों में पटाखों की दुकानें सजी हुई हैं। आरोप है कि प्रमाणित ग्रीन पटाखों की निर्धारित शर्तों के बजाय बिना क्यूआर कोड वाले और अधिक धुआं व तेज आवाज पैदा करने वाले पारंपरिक पटाखों की बिक्री भी की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंधों के बावजूद पटाखों की उपलब्धता में कोई खास कमी दिखाई नहीं दे रही है।
सुप्रीम कोर्ट ने जताई नाराजगी, सख्त कार्रवाई के निर्देश
दिल्ली-एनसीआर में पटाखों की बिक्री और नियमों के उल्लंघन से जुड़ी खबरों पर सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए केंद्र सरकार और संबंधित राज्यों को नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय की मंशा स्पष्ट है कि प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर केवल कागजी कार्रवाई न हो, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई भी की जाए।
पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल के लिए निर्धारित नियम
न्यायालय के निर्देशों के तहत एनसीआर में 4 से 6 नवंबर तक निर्धारित शर्तों के साथ प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति दी गई थी। वहीं 7 और 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 बजे तथा रात 8 से 10 बजे तक ही पटाखे जलाने की समय-सीमा निर्धारित है। अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और वृद्धाश्रमों के 300 मीटर के दायरे में पटाखे जलाने पर प्रतिबंध है। 9 नवंबर से पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर फिर से पूर्ण प्रतिबंध लागू होने की व्यवस्था बताई गई है।
ग्रैप-3 लागू, फिर भी लोनी बॉर्डर क्षेत्र में निर्माण सामग्री का कारोबार
प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रैप-3 लागू होने के बावजूद लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के आसपास निर्माण सामग्री की बिक्री और परिवहन को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, थाना क्षेत्र के आसपास कई स्थानों पर खुलेआम रोड़ी, बदरपुर, डस्ट और रेत का कारोबार किया जा रहा है। निर्माण सामग्री खुले में रखे जाने और उसके परिवहन के दौरान धूल उड़ने से आसपास के वातावरण में प्रदूषण बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
इतना ही नहीं, आरोप है कि व्यावसायिक परिवहन के लिए निर्धारित वाहनों के बजाय कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टरों का इस्तेमाल भी बड़े पैमाने पर रोड़ी, बदरपुर, डस्ट और रेत की ढुलाई में किया जा रहा है। इससे एक ओर वाहन पंजीकरण और उपयोग संबंधी नियमों के पालन पर सवाल उठते हैं, वहीं दूसरी ओर निर्माण सामग्री की ढुलाई के दौरान उड़ने वाली धूल प्रदूषण की समस्या को और गंभीर बना सकती है।
पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की भूमिका पर सवाल
स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि जब दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रैप-3 जैसी सख्त व्यवस्था लागू है, तो लोनी में खुलेआम निर्माण सामग्री की बिक्री और परिवहन पर निगरानी क्यों नहीं दिखाई दे रही? क्या संबंधित विभागों को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं है या फिर कार्रवाई के अभाव में कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं?
क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर और प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि पटाखों की दुकानों और निर्माण सामग्री के कारोबार वाले स्थानों पर औचक निरीक्षण कराया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो तथा कृषि कार्य के लिए पंजीकृत वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल की भी जांच कराई जाए।
लोनी में बढ़ते प्रदूषण के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब प्रदूषण नियंत्रण के लिए सख्त नियम और आदेश मौजूद हैं, तो उनका जमीन पर पालन कौन सुनिश्चित करेगा? आखिर जिम्मेदार विभागों की निगरानी के बावजूद नियमों की अनदेखी का सिलसिला कब तक जारी रहेगा?
