
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को जिला मुख्यालय पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में हाल ही में किशनगढ़बास में आयोजित ‘छात्रों की गूंज संवाद कार्यक्रम’ की जानकारी साझा करते हुए कहा गया कि कांग्रेस लगातार युवाओं से जुड़े शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है।
जिलाध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि प्रदेश में बार-बार सामने आए पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं के सपनों को तोड़ा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य लगातार प्रभावित हुआ है। कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने बताया कि किशनगढ़बास में आयोजित संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर खुलकर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कांग्रेस नेताओं ने इन मुद्दों को प्रदेश स्तर पर मजबूती से उठाने का भरोसा दिलाया।
प्रेस वार्ता में कहा गया कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना, प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाना तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करना सरकार की जिम्मेदारी है। कांग्रेस इन जनहित के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी।
इस अवसर पर राकेश धाबाई, जयप्रकाश हेड़ाऊ, यश अग्रवाल, फतेह मोहम्मद एवं नारायण छंगानी भी उपस्थित रहे।



