शामली
सत्यनारायण इंटर कॉलेज में छात्रों को साइबर अपराधों से बचाव के दिए टिप्स
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। थाना आदर्श मंडी पुलिस ने सत्यनारायण इंटर कॉलेज में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों से सतर्क रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश, व्हाट्सएप क्लोनिंग, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, यूपीआई व ओटीपी ठगी, क्यूआर कोड स्कैम और सोशल मीडिया हैकिंग जैसे साइबर अपराधों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक विवरण या पासवर्ड साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक और फर्जी ऐप से बचने की अपील की। साथ ही साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 अथवा साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।