हजारीबाग
बानादाग रेलवे साइडिंग में बुधवार को मालवाहक ट्रेन के एक वैगन से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित बानादाग रेलवे साइडिंग में बुधवार को मालवाहक ट्रेन के एक वैगन से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर कटकमदाग थाना पुलिस, रेलवे पुलिस, सीआईएसएफ तथा एनटीपीसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, बिहार से कोयला लेकर पहुंची मालवाहक ट्रेन की नियमित सुरक्षा जांच के दौरान कर्मचारियों की नजर एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी। बोरे की जांच करने पर उसके अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है तथा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मृतक की जेब से कुछ नकद रुपये बरामद हुए हैं। वहीं, शव पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि, इन चोटों के कारण और मौत की वास्तविक वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव मालगाड़ी के वैगन तक कैसे पहुंचा। रेलवे पुलिस, स्थानीय थाना, सीआईएसएफ और एनटीपीसी की टीम संयुक्त रूप से साक्ष्य एकत्र कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान के बाद ही घटना का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।



