जालौन
प्रेमी से शादी की जिद पर सौ फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती
पांच घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा, प्रेमी के आने पर उतरी टावर से

परिवार के विरोध से आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया था
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छौंक में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 22 वर्षीय युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर कालपी कोतवाली पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी तथा दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती सुबह अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और ऊपर से ही घोषणा करने लगी कि जब तक उसके प्रेमी को मौके पर बुलाकर उससे शादी कराने का आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी। पुलिस और ग्रामीणों ने उसे काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रही। युवती की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने टावर के आसपास लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कराया। जानकारी के अनुसार युवती की पहचान उसरगांव निवासी मुस्कान (22 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि उसका प्रेमी मध्य प्रदेश के भिंड जिले के लहार क्षेत्र का निवासी है। युवती का कहना था कि वह वर्ष 2022 से युवक से प्रेम करती है और अब दोनों बालिग होने के कारण विवाह करना चाहते हैं। हालांकि दोनों की जाति अलग-अलग होने के कारण परिजनों ने इस रिश्ते का विरोध कर दिया। परिवार के विरोध से आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने युवती के परिजनों और उसके प्रेमी से संपर्क किया। कई घंटों तक चली बातचीत और समझाइश के बाद युवती का प्रेमी मौके पर पहुंचा। उसके आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई और युवती को भरोसा दिलाया कि उसकी बात गंभीरता से सुनी जाएगी। इसके बाद करीब पांच घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे का अंत हुआ और दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे युवती सुरक्षित टावर से नीचे उतर आई। युवती के नीचे उतरते ही पुलिस ने राहत की सांस ली। इसके बाद युवती और उसके प्रेमी को कालपी कोतवाली ले जाया गया, जहां दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर वार्ता कराई गई। पुलिस ने सभी को शांतिपूर्वक समझाया और आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया। कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि दोनों युवक-युवती बालिग हैं और एक-दूसरे से विवाह करना चाहते हैं। दोनों पक्षों से बातचीत कराई गई है। पुलिस की प्राथमिकता युवती की सुरक्षा थी, जिसे सफलतापूर्वक सुनिश्चित किया गया। मामले में कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा दोनों परिवारों की सहमति से आगे की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इस घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। क्षेत्र में यह घटना पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी पारिवारिक या सामाजिक विवाद का समाधान कानून और बातचीत के माध्यम से करें तथा अपनी या किसी अन्य की जान जोखिम में डालने जैसा कदम न उठाएं।


