जालौन
जिले में डीएपी-यूरिया की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करेंःजिलाधिकारी
सहकारी समितियों पर पर्याप्त भंडारण, निर्धारित मूल्य पर उर्वरक वितरण और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी के निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जनपद में फसलों की बुवाई के दौरान किसानों को समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने वर्चुअल बैठक के माध्यम से उप जिलाधिकारियों, खण्ड विकास अधिकारियों, एआर कोऑपरेटिव, जिला कृषि अधिकारी तथा पीसीएफ के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में उन्होंने उर्वरक वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, सुचारु एवं किसान हितैषी बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की सभी सहकारी समितियों पर डीएपी एवं यूरिया खाद का नियमित वितरण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी समिति पर उर्वरक की कमी की स्थिति उत्पन्न न होने पाए तथा पर्याप्त भंडारण बनाए रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि समिति सचिव किसानों को उनकी जोत एवं वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप ही उर्वरक उपलब्ध कराएं, ताकि प्रत्येक पात्र किसान को समय पर खाद मिल सके। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि निजी उर्वरक विक्रेताओं एवं रिटेल दुकानों की नियमित जांच की जाए। सभी दुकानों पर उर्वरकों की मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए तथा किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दरों पर ही खाद उपलब्ध कराई जाए। निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली, कृत्रिम अभाव पैदा करने या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण की निरंतर निगरानी की जाए तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल जिला स्तर पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उन्हें समय पर खाद उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



