जालौन
प्रेमिका को बुलाने की जिद में रेलवे पुल पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
स्थानीय लोगों की लगी रही भारी भीड़, प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। शुक्रवार को कालपी नगर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक अपनी कथित प्रेमिका को बुलाने की जिद में रेलवे के दूसरे पुल (कोठी) पर चढ़ गया। युवक की जिद और उसके द्वारा बार-बार प्रेमिका को बुलाने की मांग किए जाने से मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार शोहिल पुत्र शमशाद, निवासी मोहल्ला भट्ठीपुरा, कालपी का निवासी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शोहिल पुल पर चढ़ने के बाद लगातार यही कहता रहा कि जब तक मेरी प्रेमिका यहां नहीं आएगी, तब तक मैं नीचे नहीं उतरूंगा। उसकी इस बात से मौके पर मौजूद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। बताया जा रहा है कि जिस युवती को लेकर यह पूरा घटनाक्रम हुआ, वह उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले की निवासी है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में रेलवे पुल के आसपास पहुंच गए। कई लोगों ने युवक को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। भीड़ बढ़ने के कारण कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। लोगों ने तत्काल स्थानीय प्रशाशन व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार अभिनव तिवारी, न्याब तहसीलदार चंद्रमोहन शुक्ला कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी कालपी पुलिस तथा रेलवे से जुड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने पहले भीड़ को नियंत्रित किया और फिर युवक से बातचीत शुरू की। अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक उसे समझाया कि उसकी जान को खतरा हो सकता है और किसी भी तरह की जल्दबाजी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए गए। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने पुल के आसपास लोगों को अनावश्यक रूप से एकत्र न होने की अपील की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक मानसिक रूप से काफी तनाव में दिखाई दे रहा था और लगातार अपनी बात दोहराता रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयम से काम लेते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घटना पूरे नगर में चर्चा का विषय बनी रही। राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ के कारण मौके पर लंबे समय तक हलचल का माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि ऐसी परिस्थितियों में अफवाहें फैलाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करें। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी युवक को सुरक्षित नीचे उतारने और मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के प्रयास में जुटे हुए थे। युवक द्वारा यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया और पूरे मामले की वास्तविक वजह क्या है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकता युवक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, जिसके बाद आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



