झारखंड में फिल्म प्रशिक्षण को मिलेगा नया आयाम, SRFTI के साथ हुआ एमओयू
Film training in Jharkhand to get a new dimension; MoU signed with SRFTI.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JFDCL) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच बुधवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल के तहत झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) की शुरुआत की जाएगी, जहां युवाओं को फिल्म एवं मास मीडिया के क्षेत्र में विश्वस्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रारंभिक चरण में साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, एनिमेशन, स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषयों पर शॉर्ट-टर्म कोर्स संचालित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षणों का लाभ पारंपरिक सिनेमा के साथ-साथ ओटीटी और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में भी मिलेगा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड में फिल्म निर्माण और रचनात्मक प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे देश-दुनिया में अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि यह एमओयू झारखंड के फिल्म उद्योग को नई दिशा देने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर भी सृजित करेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित झारखंड के फिल्मकारों बीजू टोप्पो, रविराज मुर्मू, अनुज कुमार और निरंजन कुजूर को सम्मानित भी किया। समारोह में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, SRFTI के कुलपति समीरन दत्ता सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



