मथुरा
गोवर्धन की गिरिराज परिक्रमा मार्ग में कच्चे रास्तों पर डाली जा रही मिट्टी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। गोवर्धन में आस्था, श्रद्धा और भक्ति के महापर्व मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर गिरिराज नगरी गोवर्धन में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। मुड़िया पूर्णिमा के अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गिरिराज महाराज के दर्शन और परिक्रमा के लिए गोवर्धन पहुंचते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा परिक्रमा मार्ग को सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पर्व के नजदीक आते ही प्रशासन ने गिरिराज परिक्रमा मार्ग की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम तेज कर दिया है। इसी क्रम में परिक्रमा मार्ग के कच्चे हिस्सों को समतल कर मिट्टी डलवाई जा रही है, ताकि मार्ग पर कंकडों की चुभन से श्रद्धालुओं को राहत मिल सके और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सात कोस की परिक्रमा पूरी कर सकें। एसडीएम सुशील कुमार सिंह ने बताया कि मुड़िया पूर्णिमा मेले की सभी तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जा रही हैं। परिक्रमा मार्ग के कच्चे हिस्सों पर मिट्टी डलवाने के साथ ही व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि गिरिराज महाराज के दर्शन और परिक्रमा के लिए आने वाले हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।



