सिंगरौली

हिंडालको महान में ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ कार्यशाला का आयोजन

400 से अधिक कर्मचारियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। हिंडालको महान एवं सिंगरौली पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में हिंडालको महान के कम्युनिकेशन हॉल में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 400 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लेकर नशा न करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक सियाज़ के. एम., मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा, सीएसआर एवं जनसंपर्क प्रमुख संजय सिंह, कार्मिक प्रबंधक रंधीर वत्स, मानव संसाधन विभाग से प्रणव सोनी एवं अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात कार्यक्रम के मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
स्वागत उद्बोधन में मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, कार्यस्थल और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रत्येक कर्मचारी की सजगता और स्वस्थ जीवनशैली ही सुरक्षित कार्य संस्कृति की आधारशिला है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से नशे से दूर रहने, अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंडालको महान परिसर में गुटखा एवं तंबाकू सहित किसी भी प्रकार के नशे का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है तथा नियमों के उल्लंघन पर दंडात्मक कार्रवाई एवं जुर्माने का प्रावधान भी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्यस्थल का निर्माण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सियाज़ के. एम. ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवा वर्ग यदि सही दिशा में आगे बढ़े तो नशा मुक्त समाज का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करते हुए नशा विरोधी संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा अपराध, सड़क दुर्घटनाओं, घरेलू हिंसा और सामाजिक विघटन का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। यदि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं नशे से दूरी बनाए और कम से कम एक अन्य व्यक्ति को इसके प्रति जागरूक करे, तो समाज में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हिंडालको महान के कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक “नशा–नाश का द्वार” रहा। नाटक का लेखन एवं निर्देशन अभिषेक उपाध्याय ने किया। अभिषेक उपाध्याय, दिलीप गौतम, वैष्णवी, आदर्श एवं के. पी. शर्मा ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति को कर्मचारियों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर नशा विरोधी अभियान को सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाने में योगदान देने वाले Singrauli View Page के विपुल शर्मा, Singrauli Official Page के अरमान रजा तथा Singrauli Baba Page के देवराज बाल्मीकि को पुलिस अधीक्षक सियाज़ के. एम. ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली। आभार प्रदर्शन सीएसआर एवं जनसंपर्क प्रमुख संजय सिंह ने किया। कार्यक्रम में थाना बरगवां के थाना प्रभारी अनिल पटेल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन बीरेंद्र पाण्डेय ने किया। आयोजन को सफल बनाने में मानव संसाधन विभाग के प्रणव सोनी, मनीष सिंह, मोहित शुक्ला, ओम प्रकाश गेरूला एवं हरिशंकर मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button