नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती से उपभोक्ता पहले ही परेशान हैं। इसी बीच शनिवार को विकास कुंज, सोनिया नगर निवासी पूर्व सभासद मुकेश पाल के प्रतिष्ठान पर विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम द्वारा छापेमारी किए जाने की सूचना प्रकाश में आई है। कार्रवाई के दौरान संबंधित एसडीओ, विजिलेंस अधिकारी तथा पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान घरेलू बिजली कनेक्शन का व्यावसायिक गतिविधियों में उपयोग किए जाने की आशंका पर इसके यहां विधुत विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया । बताया जा रहा है कि संबंधित परिसर में दूध डेयरी का संचालन किया जा रहा है। हालांकि, विद्युत विभाग ने अब तक कार्रवाई के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और न ही जांच के निष्कर्षों की पुष्टि की है।
इधर, स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित पूर्व जनप्रतिनिधि लंबे समय से बिजली विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और अधिकारियों पर दबाव बनाने की राजनीति करते रहे हैं, जबकि स्वयं बिजली नियमों के पालन को लेकर सवालों के घेरे में हैं। कुछ लोगों का यह भी दावा है कि परिसर में एसी, कूलर, पंखे, वाई-फाई उपकरण सहित कई विद्युत संसाधनों का उपयोग होने के बावजूद बिजली बिल अपेक्षाकृत कम आता था। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधियों पर ही बिजली नियमों के उल्लंघन के आरोप लगते हैं, तो इससे आम जनता के बीच गलत संदेश जाता है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि जांच में यदि अनियमितताएं सिद्ध होती हैं, तो क्या विद्युत विभाग नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करेगा या मामला केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रह जाएगा। फिलहाल विभागीय जांच जारी है।



