सिंगरौली

बिजली गुल हुई तो जमीन पर सोना पड़ा भारी, सर्पदंश से युवक की मौत

ढाई माह की मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया, अकौरी गांव में पसरा मातम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। जनपद पंचायत देवसर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जियावन के ग्राम अकौरी में सर्पदंश की दर्दनाक घटना सामने आई है। जहरीले सर्प के डसने से 20 वर्षीय युवक तेरस लाल कोल, पिता गंगाराम कोल की मौत हो गई। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक विवाहित था और उसकी ढाई माह की मासूम बेटी है। घटना के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई की रात बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण गर्मी से परेशान तेरस लाल कोल घर के अंदर जमीन पर सो गए थे। इसी दौरान एक जहरीले सर्प ने उन्हें डस लिया। कुछ ही समय बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने बिना देर किए उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलने पर सरपंच पति महादेव साकेत भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से चर्चा कर उपचार की व्यवस्था कराई। डॉक्टरों ने युवक को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन शरीर में जहर का असर अधिक होने के कारण 26 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर जियावन पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
युवक की मौत से ग्राम अकौरी सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से हरसंभव मदद की मांग की है।
सरपंच पति महादेव साकेत ने बरसात के मौसम में लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में सर्प-बिच्छुओं का खतरा बढ़ जाता है। लोगों को जमीन पर सोने से बचना चाहिए, रात में रोशनी का उपयोग करना चाहिए और सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचकर उपचार कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर इलाज मिलने से कई जानें बचाई जा सकती हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button