नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों बिजली गायब रहने से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोनी बॉर्डर, अंकुर विहार, पाबी सादकपुर, खन्ना नगर, खुशहाल पार्क, बंथला और रामविहार सहित कई क्षेत्रों के लोग बिजली संकट से जूझ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के कई-कई घंटे बिजली काटी जा रही है। बार-बार ट्रिपिंग और वोल्टेज के उतार-चढ़ाव से घरों में लगे एसी, कूलर, फ्रिज, इन्वर्टर और अन्य विद्युत उपकरण खराब होने का खतरा बना हुआ है। वहीं बिजली नहीं रहने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
अंकुर विहार में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन करने वाले लोगों पर मुकदमा दर्ज होने से क्षेत्र में नाराजगी और बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समस्या का समाधान करने के बजाय विरोध करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बिजली व्यवस्था में सुधार की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विद्युत विभाग की ओर से संतोषजनक कार्रवाई नहीं हो रही है। कई बार हेल्पलाइन और स्थानीय अधिकारियों को शिकायत देने के बाद भी न तो कटौती का कारण बताया जाता है और न ही आपूर्ति सामान्य होने का समय।
बिजली संकट का असर दुकानदारों, छोटे उद्योगों, छात्रों और बुजुर्गों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। व्यापार प्रभावित हो रहा है, पढ़ाई बाधित हो रही है और मरीजों व वरिष्ठ नागरिकों को सबसे अधिक कठिनाई झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि लोनी क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए, बिजली आपूर्ति का निर्धारित शेड्यूल सार्वजनिक किया जाए, खराब लाइनों और ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कर व्यवस्था में सुधार किया जाए तथा जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।


