
चितरंगी, सरई, गढ़वा, मोरवा और बरगवां थाना क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को दिलाई नशामुक्त समाज की शपथ
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज़ के.एम. तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में जिलेभर में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना है।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा ग्रामीणों, यात्रियों, श्रमिकों और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
थाना चितरंगी:
ग्राम खैरा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, नगर रक्षा समिति के सदस्यों और ग्रामीणों की मौजूदगी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक समय तक नशे की आदत से जूझ चुके बुजुर्गों ने अपने अनुभव साझा किए और युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के प्रति सचेत किया। उपस्थित लोगों ने युवाओं को नशे से दूर रखने का संकल्प लिया।
थाना सरई:
ग्राम पोखरी टोला में सरपंच एवं ग्रामीणों की सहभागिता से नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
थाना गढ़वा:
ग्राम बम्हनदेवा में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को नशे के नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्त रहने और समाज को नशे से मुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।
थाना मोरवा:
बस स्टैंड मोरवा में पुलिस द्वारा विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यात्रियों, वाहन चालकों, व्यापारियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।
थाना बरगवां:
हिंडाल्को गेट नंबर-1 पर आयोजित कार्यक्रम में कंपनी कर्मचारियों, श्रमिकों और आम नागरिकों को “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान की जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
सिंगरौली पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान जिले में लगातार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।




