खैरथल
महिला सुरक्षा का संकल्प: खैरथल में बच्चियों संग निकली जागरूकता रैली
राजस्थान पुलिस का ‘सेफ्टी एंड डिग्निटी फॉर एवरी वूमेन’ अभियान संपन्न, साइबर सुरक्षा से लेकर आत्मरक्षा तक दिया जागरूकता का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस द्वारा एक माह तक चलाए गए विशेष अभियान ‘सेफ्टी एंड डिग्निटी फॉर एवरी वूमेन’ का बुधवार को खैरथल में प्रभावी समापन हुआ। समापन अवसर पर महिला पुलिस थाना खैरथल की ओर से महिला पुलिसकर्मियों और स्कूली छात्राओं के साथ अंबेडकर फाटक से अंबेडकर चौक तक पैदल एवं वाहन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और पुलिस सहायता सेवाओं के प्रति आमजन को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चियों का फूल भेंट कर स्वागत करने से हुई। इसके बाद निजी और राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महिला अधिकार, बच्चों के विरुद्ध अपराध, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा आत्मरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों और आमजन की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव भी साझा किए।
अधिकारियों ने कहा कि छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी, ब्लैकमेलिंग अथवा महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले किसी भी अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें। समय पर शिकायत दर्ज होने से अपराधियों के खिलाफ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।
अभियान के दौरान महिलाओं और छात्राओं को पुलिस की सहायता सेवाओं और हेल्पलाइन नंबर 1090, 1930, 112 और 100 की उपयोगिता से अवगत कराया गया। साथ ही राजकॉप (RajCop) ऐप, महिला डेस्क और स्वागत कक्ष जैसी सुविधाओं की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से साइबर ठगी की घटनाओं में तत्काल 1930 पर सूचना देने की अपील की, ताकि आर्थिक नुकसान को समय रहते रोका जा सके।
महिला पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण तैयार करना केवल पुलिस का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। अभियान में शामिल महिलाओं, छात्राओं और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ अपराधों की रोकथाम में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
राजस्थान पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि “हर महिला की सुरक्षा और सम्मान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” इसी संकल्प के साथ भविष्य में भी जनजागरूकता अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि समाज में सुरक्षा, सम्मान और विश्वास का वातावरण और अधिक मजबूत हो सके।


