सिंगरौली

जिला न्यायालय से महिला और 5 वर्षीय बेटा लापता, 72 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

पति से विवाद और दूसरी महिला से संबंध के आरोपों के बीच पुलिस जांच में जुटी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। जिला न्यायालय परिसर से एक महिला और उसका पांच वर्षीय बेटा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। घटना को 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजन लगातार बैढ़न थाना पहुंचकर पुलिस से जल्द तलाश करने की मांग कर रहे हैं।
लापता महिला की पहचान प्रियंका अग्रहरी (29) और उसके बेटे शिवांश गुप्ता (5) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रियंका 27 जुलाई को अपने बेटे के साथ जिला न्यायालय में पेशी के लिए पहुंची थी। उसका पति जितेंद्र कुमार गुप्ता के साथ वैवाहिक विवाद चल रहा है और तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है। न्यायालय की कार्रवाई के बाद प्रियंका अपने बेटे के साथ घर नहीं लौटी।
परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद बैढ़न थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रियंका की मामी ममता देवी गुप्ता ने आरोप लगाया है कि प्रियंका और जितेंद्र के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने जितेंद्र पर किसी अन्य महिला से संबंध होने का भी आरोप लगाया है, जिसके कारण दोनों के रिश्तों में तनाव था। हालांकि इन आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।
नगर पुलिस अधीक्षक ललित बैरागी ने बताया कि महिला अपने साथ मोबाइल फोन लेकर नहीं निकली थी, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। पुलिस न्यायालय परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही महिला के पति से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और महिला व बच्चे को जल्द खोजने के प्रयास जारी हैं। वहीं 72 घंटे बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button