पोखर पर अवैध कब्जे का दुस्साहसिक प्रयास
सभासद की शिकायत पर ई ओ ने मौके पर पहुंचकर जब्त किए बीस कुलाबे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
औरंगाबाद बुलंदशहर : कस्बे में बड़े पोखर की जमीन पर भूमाफियाओं ने मंगलवार को दिनदहाड़े अवैध कब्जा करने का दुस्साहसिक ढंग से प्रयास किया। सभासद की शिकायत पर अधिशासी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए पानी निकालने के लिए लगाये गये बीस कुलाबों को खुदवा कर जब्त कर लिये।
जनपद बुलंदशहर के कस्बा औरंगाबाद में भूमाफियाओं की पौ-बारह है। योगी आदित्यनाथ के राज में भी उनके हौसले पूरी तरह बुलंद हैं।नगर पंचायत के सर्वेसर्वाओं की शह पर अब बड़े तालाब पर भी भूमाफियाओं द्वारा कब्जा किया जा रहा है। मंगलवार को भूमाफियाओं ने पोखर की जमीन को पाटने और पानी की निकासी हेतु बीस कुलाबे मौहल्ला अजीजाबाद में डाक्टर योगेश कुमार की गली के बराबर लगवा दिये। भूमाफियाओं की काली करतूत को देख नगरपंचायत के वार्ड 11 के सभासद इखलाख कुरैशी उर्फ सूका मैम्बर ने अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार को स्थिति की जानकारी देते हुए भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। सभासद की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ई ओ ने नगर पंचायत कर्मियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पोखर पर अवैध कब्जा होते देख अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार ने कुलाबे उखडवाये और सभी बीस कुलाबों को जब्त कर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचवा दिया। लिपिक किशोरी लाल विजय सिंह आदि टीम में शामिल रहे।
अधिशासी अधिकारी के कड़क रुख से भूमाफियाओं में खलबली मची हुई है। विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि भूमाफिया अपने आकाओं से संपर्क साधने और सर्वेसर्वाओं के साथ साथ अधिकारियों को भी मैनेज करने और यथा स्थिति बहाल करने के प्रयासों में जुट गए हैं।


