अमरोहा
अमरोहा को फिर ‘ज्योतिबा फुले नगर’ नाम देने की उठी मांग
राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा,हसनपुर l मंगलवार को ज्योतिबा फुले आर्मी, उत्तर प्रदेश के बैनर तले आयोजित एक विशाल जनसभा में अमरोहा जनपद का नाम पुनः “ज्योतिबा फुले नगर” किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
सभा के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने हसनपुर तहसीलदार मनोज कुमार को राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अमरोहा का नाम बदलकर दोबारा ज्योतिबा फुले नगर घोषित करने की मांग करते हुए कहा गया कि यह कदम महात्मा ज्योतिबा फुले के सम्मान, सामाजिक न्याय और जिले की ऐतिहासिक पहचान को पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ज्योतिबा फुले आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र सुपारी ने कहा कि संगठन लंबे समय से इस मांग को उठा रहा है। उन्होंने सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि यदि मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के सम्मान और समाज की भावनाओं से जुड़े मुद्दों पर संगठन किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।



