साहेबगंज
दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर नवनिर्मित प्रतिमा का हुआ भव्य अनावरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज पद्म भूषण से अलंकृत एवं झारखंड आंदोलन के महानायक दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आज साहिबगंज में श्रद्धा,सम्मान एवं गौरव का एक ऐतिहासिक क्षण साकार हुआ। माननीय मंत्री,राजस्व,निबंधन एवं भूमि सुधार निबंधन रहित तथा परिवहन विभाग,झारखंड सरकार दीपक बिरुवा एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा स्थानीय साक्षरता चौक तथा समाहरणालय परिसर के समीप स्थापित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की नवनिर्मित प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया।प्रतिमा अनावरण के उपरांत उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दिशोम गुरु के प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा झारखंड राज्य के निर्माण, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की रक्षा एवं सामाजिक न्याय के लिए उनके आजीवन संघर्ष और अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर गरिमामय वातावरण के बीच जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों,पुलिस पदाधिकारियों,विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों,सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर महान जननायक के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन के आदर्शों पर चलने, समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने तथा झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प भी दोहराया।



