गाजियाबाद

सावन में शिवभक्ति से सराबोर हुई लोनी

कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर प्रमुख अनिल कसाना ने किया स्वागत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद :  सावन माह के साथ ही लोनी विधानसभा क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। हरिद्वार सहित विभिन्न तीर्थस्थलों से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों का जगह-जगह श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया जा रहा है। रविवार को टीला मोड़ थाना क्षेत्र के पास भाजपा नेता प्रमुख अनिल कसाना ने शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।
कांवड़ियों के स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। जैसे ही गंगाजल लेकर कांवड़िए टीला मोड़ से होकर गुजरे, प्रमुख अनिल कसाना और कार्यकर्ताओं ने उन पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान कांवड़ियों को पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। शिवभक्तों के गुजरने के दौरान पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा। इससे माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया और स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला।
प्रमुख अनिल कसाना ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और आस्था का पर्व है। देश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार और अन्य तीर्थस्थलों से पवित्र गंगाजल लेकर लंबी और कठिन पैदल यात्रा करते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। गर्मी, बारिश और लंबी दूरी की चुनौतियों के बावजूद कांवड़ियों में भगवान शिव के प्रति आस्था और उत्साह कम नहीं होता। उनकी श्रद्धा और संकल्प समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा देश की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। शिवभक्तों की सेवा, सम्मान और सहयोग करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी लोग सहयोग की भावना से आगे आएं और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने में अपना योगदान दें।
इस दौरान मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी कांवड़ियों की सेवा और स्वागत में सहयोग किया। कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा और स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मार्ग से गुजरने वाले शिवभक्तों ने भी स्वागत के लिए लोगों का आभार जताया।
प्रमुख अनिल कसाना ने सभी शिवभक्त कांवड़ियों को कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से उनके सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। उन्होंने कहा कि ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ आगे बढ़ रही कांवड़ यात्रा श्रद्धा, सेवा, समर्पण और भाईचारे का संदेश दे रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button