शामली
दुकान से हजारों रुपये चोरी, आरोपी सीसीटीवी में कैद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के कस्बा एलम में कपड़े की दुकान से 20 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। बुधवार को थाना क्षेत्र के कस्बा एलम निवासी आनंद वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी कपड़े की दुकान है।आरोप है की विगत 11 अगस्त को दुकान में चोरी हो गई। चोर दुकान के गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपये निकालकर ले गए। घटना की जानकारी होने पर दुकानदार ने पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी।पीड़ित के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में कुछ ऐसे व्यक्ति दिखाई दिए, जिन्हें वह पहचानता है। व्यापारी ने आरोप लगाया कि उक्त लोग उसकी दुकान में चोरी करने के बाद वहां से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और चोरी की रकम बरामद करने की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



