पाकुड़

एक दर्जन से अधिक सड़कों को आरईओ से पथ निर्माण विभाग के अधीन लाने की पहल, मजबूतीकरण और चौड़ीकरण का रास्ता होगा साफ, विकास को मिलेगी गति, रिंग रोड निर्माण की परिकल्पना हो सकेगा साकार

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़। जिले में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के उद्देश्य से ग्रामीण कार्य विभाग (आरईओ) की दर्जनभर से अधिक सड़कों को पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) को हस्तांतरित करने की पहल की गई है। इस सम्बन्ध में आरईओ पाकुड़ के कार्यपालक अभियंता की ओर से करीब 158.25 किलोमीटर लंबी सड़कों की सूची विभाग को भेजी गई है। इन सड़कों के हस्तांतरण से भविष्य में चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और उच्चस्तरीय निर्माण कार्यों का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। प्रस्तावित सड़कों में पाकुड़ प्रखण्ड की रामचंद्रपुर मोड़ से भाया गुलदाहा पाली चौक तक (15 किमी) तथा सोनाजोड़ी से भाया धनसुड़ी, कालिदासपुर एवं भुरकुंडा राजीपुर पीडब्ल्यूडी रोड तक (18 किमी) शामिल हैं। पाकुड़िया प्रखण्ड में बनडीगा मोड़ से गणपुरा तक भाया तिलडंगा, बेनाकुड़ा एवं बड़ासिंहपुर (13 किमी) सड़क को शामिल किया गया है। इसी तरह हिरणपुर प्रखण्ड में तारापुर चमड़ा गोदाम से तुरसाडीह (8 किमी) तथा मोहनपुर मोड़ से शहरग्राम भाया डांगापाड़ा (15 किमी) सड़क प्रस्तावित है। महेशपुर प्रखण्ड में कंगलापहाड़ी मोड़ से भाया काकजोल एवं स्तनपुर रद्दीपुर (13 किमी), गोविंदपुर से भाया अमलादही एवं बरमसिया मंजराबाड़ी (11 किमी) तथा छोटा मोहलन से भाया बड़ा भरतपुर एवं रंजीतपुर बाबूपुर (15.25 किमी) सड़क शामिल है। साथ ही लिट्टीपाड़ा प्रखण्ड में वराखमत से लव्दाघाटी भाया चिल्लोफार्म (15 किमी) तथा हाथीगढ़ से त्रिकोनी भाया गोहुलबोना (15 किमी) सड़क, जबकि अमड़ापाड़ा प्रखण्ड में पाडेरकोला से बहादुरपुर भाया धमकनाली (10 किमी) एवं रालपतरा से बहादुरपुर (10 किमी) सड़क को हस्तांतरण के लिए प्रस्तावित किया गया है।

बाईपास और रिंग रोड की परिकल्पना पर भी जोर

वही पाकुड़ प्रखण्ड के कालिकापुर पीडब्ल्यूडी रोड से फरसा, भवानीपुर, उदयनारायणपुर, देवतालाब होते हुए बष्टमडांगा, सीतापहाड़ी रेलगेट और पत्थरघाटा चेकपोस्ट के नसीरपुर मोड़ तक सड़क को पथ निर्माण विभाग के अधीन लाकर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की आवश्यकता जताई जा रही है। इसके अलावे पाकुड़ – हिरणपुर मुख्य सड़क के पियादापुर बाईपास के समीप से महिला कॉलेज- शहरकोल पंचायत, डीपीएस स्कूल- पुलिस लाइन- बलियाडांगा के उत्तर दिशा होते हुए भाया चापा डांगा- इशाकपुर रेलगेट, चिमनीभट्टा – बीड़ी अस्पताल होते हुए जयकिष्टोपुर के दक्षिणी मैदानी क्षेत्र से पाकुड़- धुलियान पथ के पाकुड़ मुफस्सिल थाना तक एक वैकल्पिक टू-लेन उच्चस्तरीय बाईपास सड़क निर्माण की परिकल्पना भी चर्चा का विषय बना हुआ है। इससे शहर को एक अतिरिक्त सम्पर्क मार्ग मिलने के साथ रिंग रोड की अवधारणा को भी साकार किया जा सकता है। जिसमें आवागमन सुगम होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों, परिवहन और औद्योगिक इकाइयों की विस्तार को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नये अवसर खुलेंगे। इस दिशा में स्थानीय जनप्रतिनिधि समेत जिला प्रशासन को पहल करनी चाहिए, ताकि धरातल पर वास्तविक स्वरूप सड़क निर्माण को मंजूरी मिल सके।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button