गोड्डा
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक गांधी मैदान में मंत्री ने फहराया तिरंगा झंडा
परेड का निरीक्षण कर तिरंगे को दी सलामी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में मंत्री संजय प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने निर्धारित समय पर सलामी मंच पर पहुंचकर परेड की सलामी ली। इसके उपरांत मंत्री संजय प्रसाद यादव, उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने खुले वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। परेड निरीक्षण के पश्चात माननीय मंत्री संजय प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया तथा राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम, राष्ट्रगान जन गण मन की धुन के साथ पूरा गांधी मैदान देशभक्ति एवं राष्ट्र गौरव की भावना से ओत-प्रोत हो उठा। मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों एवं महान विभूतियों को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन करने और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को दोहराने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी अनगिनत वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सम्मान और अधिकार के साथ जीवन जी रहे हैं, उसके पीछे हमारे स्वतंत्रता सेनानियों का अथक संघर्ष है। हमें उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करना होगा। कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों, मेहनतकश लोगों और युवा शक्ति से समृद्ध राज्य है। राज्य के युवाओं में अपार प्रतिभा और क्षमता है। आवश्यकता है कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने जिले के युवाओं से अपील की कि वे बदलती तकनीक और रोजगार के नए क्षेत्रों के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करें तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। अपने संबोधन में गोड्डा जिले की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि जिला विकास की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, ग्रामीण विकास, कृषि, रोजगार, कौशल विकास तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने जिलेवासियों से भी अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहें और जिले के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। कहा कि गोड्डा की जनता मेहनतकश, जागरूक एवं संघर्षशील है। जिले के विकास के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन मिलकर निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गोड्डा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को किया गया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिले में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया गया तथा झारखंड आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया। परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्लाटून तथा उत्कृष्ट बैंड टीम को भी पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया।
समाहरणालय, पुलिस लाइन सहित विभिन्न स्थानों पर हुआ ध्वजारोहण
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त लोकेश मिश्रा द्वारा आवासीय कार्यालय, समाहरणालय परिसर एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गोड्डा में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। इस अवसर पर उपायुक्त ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के जीवन से प्रेरणा लें तथा मजबूत लोकतंत्र एवं विकसित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने सामाजिक सौहार्द, भाईचारे एवं आपसी सहयोग की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने पुलिस लाइन, गोड्डा में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, धर्मनिरपेक्षता एवं सांप्रदायिक सद्भाव की भावना को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
यहां भी हुआ झंडोत्तोलन
जिला परिषद, गोड्डा में जिला परिषद अध्यक्ष द्वारा एवं अनुमंडल कार्यालय, गोड्डा में अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। वहीं, उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत द्वारा अपने आवासीय परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई तथा स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के बलिदान को नमन किया गया।
महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया गया नमन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस क्रम में उपायुक्त आवास के निकट भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा, मेला मैदान स्थित गोड्डा गेट के सामने पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा, सिविल सर्जन कार्यालय परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा, शहीद स्मारक पर महात्मा गांधी एवं जयप्रकाश नारायण की प्रतिमाओं, कारगिल चौक स्थित सिदो-कान्हू की प्रतिमा तथा पोस्ट ऑफिस चौक के समीप चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महापुरुषों के योगदान को याद किया गया। मौके पर अपर समाहर्ता इन्दर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी-सह-जिला नजारत उपसमाहर्ता ओम प्रकाश यादव, सिविल सर्जन डॉ. एस.सी. शर्मा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत कुमार लायक, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी फैजान सरवर, नगर प्रशासक अरविंद कुमार अग्रवाल, जिला कृषि पदाधिकारी अभिजीत शर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, उद्घोषक अबुल कलाम आजाद, रेड क्रॉस के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के कर्मी आदि उपस्थित थे।



