दिल्ली कांग्रेस की पार्लियामेंट्री अफेयर्स कमेटी की बैठक आहूत।
निगम और डूसू चुनाव की तैयारियों पर हुई चर्चा।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में दिल्ली कांग्रेस की पार्लियामेंट्री अफेयर्स कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति, एसआईआर, आगामी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव और दिल्ली नगर निगम चुनाव की तैयारियों पर रणनीति को लेकर चर्चा हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई रैली के बाद आयोजन स्थल पर शुद्धिकरण अनुष्ठान किए जाने के खिलाफ देवेंद्र यादव ने निंदा प्रस्ताव रखा, जिसका राजेंद्र पाल गौतम ने अनुमोदन किया। मौजूद सदस्यों ने हाथ उठाकर प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया।
देवेंद्र यादव ने कहा कि पिछले दो वर्षों की चुनौतियों के बावजूद दिल्ली कांग्रेस ने संगठन को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि संगठन समीक्षा में दिल्ली कांग्रेस को सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों में बेहतर स्थान मिला है। उन्होंने बताया कि जिला, ब्लॉक, मंडलम और सेक्टर स्तर पर संगठन को मजबूत किया गया है और 25 हजार से अधिक लोग सक्रिय रूप से संगठन से जुड़े हैं।
यादव ने एसआईआर के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जाकर लोगों को इस मुद्दे के प्रति जागरूक करना होगा। उन्होंने आगामी निगम चुनाव में समाज के सभी वर्गों, विशेषकर महिलाओं को संगठन और चुनावी प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया। कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन ने संगठन की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि कम समय के नोटिस पर भी कांग्रेस के कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का ढांचा तैयार हो चुका है, अब कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय कर जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने की जरूरत है।दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने हल्द्वानी की घटना की निंदा करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने एसआईआर, आगामी डूसू चुनाव और निगम चुनाव को लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि सितंबर में होने वाले डूसू चुनाव में एनएसयूआई की मजबूत मौजूदगी दर्ज कराना कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है। बैठक में अजय माकन, अल्का लांबा, राजेंद्र पाल गौतम, उदित राज, अभिषेक दत्त, अनिल भारद्वाज, हारुन यूसूफ, योगानंद शास्त्री, राजेश लिलोठिया, फरहाद सूरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।



