गोड्डा
स्कूली शिक्षा विभाग के उप सचिव ने पीएम श्री विद्यालयों का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के उप सचिव सुरेन्द्र कुमार ने प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय (UHS), नया नगर तथा पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, महागामा का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उप सचिव महोदय ने विद्यालयों में पीएम श्री योजना के तहत संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, अधोसंरचना, स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, स्वच्छता तथा अन्य अनिवार्य मानकों की बिंदुवार समीक्षा की। सघन जांच के उपरांत विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था और भौतिक संसाधन विभाग द्वारा तय किए गए मानकों के पूरी तरह अनुकूल एवं संतोषजनक पाए गए। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए इसी गुणवत्ता को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
पीएम श्री योजना के अंतर्गत निर्धारित सभी शैक्षणिक एवं भौतिक मानकों का गहन स्थलीय सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान दोनों विद्यालयों की व्यवस्थाएं विभागीय मानकों के अनुरूप एवं संतोषजनक पाई गईं। इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अजय कुमार आदि उपस्थित थे।



