गोड्डा

अदाणी फाउंडेशन ने शुरू किया एनीमिया नियंत्रण एवं महिला स्वास्थ्य जागरूकता अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। अदाणी फाउंडेशन ने आदिवासी समुदायों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से “विशेष स्वास्थ्य कार्यक्रम: एनीमिया नियंत्रण एवं किशोरी एवं महिला स्वास्थ्य सेवा” का शुभारंभ किया है। अडानी समृद्ध ग्राम पहल के अंतर्गत संचालित यह कार्यक्रम गोड्डा जिले के आदिवासी बहुल गांवों में महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता एवं नियमित जांच को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। झारखंड में एनीमिया महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है। विशेष रूप से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित पहुंच, पोषण संबंधी जागरूकता की कमी तथा आयरन युक्त भोजन का अपर्याप्त सेवन इस समस्या को और गंभीर बनाता है। किशोरियों एवं महिलाओं में एनीमिया का प्रभाव न केवल शारीरिक और मानसिक विकास पर पड़ता है, बल्कि मातृ स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता को भी प्रभावित करता है।
गोड्डा जिले की कुल आबादी में लगभग 21.26 प्रतिशत अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय का योगदान है। इन समुदायों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं, संतुलित पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता तक पहुंच को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन ने यह विशेष कार्यक्रम प्रारंभ किया है। कार्यक्रम का संचालन टीपीपी कोर क्षेत्र के तीन आदिवासी अडानी समृद्ध ग्रामों – पेटबि संथाली, गंगटा एवं नयाबाद में किया जा रहा है। इसके माध्यम से लगभग 400 आदिवासी महिलाओं एवं किशोरियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम का प्रथम चरण 20 अगस्त 2026 को नयाबाद गांव में आयोजित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं एवं किशोरियों के लिए एनीमिया, पोषण, स्वच्छता, मासिक धर्म प्रबंधन तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने एनीमिया के कारणों, लक्षणों, रोकथाम एवं उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। जागरूकता कार्यक्रम के पश्चात 20 महिलाओं एवं किशोरियों की एनीमिया स्क्रीनिंग की गई। जांच के दौरान स्वास्थ्य जोखिम वाले प्रतिभागियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं आगे की चिकित्सीय सहायता प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को आयरन युक्त भोजन, संतुलित आहार और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों के बीच रिफ्रेशमेंट पैकेट वितरित किए गए। ग्रामीणों एवं प्रतिभागियों ने अदाणी फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने और समय पर उपचार प्राप्त करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगे। यह पहल संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्य (SDG-3: उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण) के अनुरूप सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए स्वस्थ जीवन एवं बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने की दिशा में अदाणी फाउंडेशन की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है। फाउंडेशन स्वास्थ्य, पोषण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में सतत प्रयासों के माध्यम से ग्रामीण एवं आदिवासी समुदायों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button