बुलंदशहर
रक्षाबंधन पर 3,500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बुलन्दशहर। रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए मेरठ परिक्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में करीब 3,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए 83 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय रहेंगे।
परिक्षेत्र में 5 एएसपी, 20 सीओ, 80 निरीक्षक, 600 उपनिरीक्षक सहित पुलिस बल और एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है। बाजारों, रेलवे व बस स्टेशनों, हाईवे और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने अधिकारियों को भ्रमणशील रहकर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग तथा भीड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।



