गोड्डा
पथरगामा बीडीओ के खिलाफ नौवें दिन भी धरना जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। प्रखंड विकास पदाधिकारी के खिलाफ जिला परिषद सदस्य अमित भगत के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन नौवें दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर पहुंचे लोगों ने बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। जिला परिषद सदस्य अमित भगत ने कहा कि आंदोलन को नौ दिन बीत जाने के बावजूद अब तक जिला प्रशासन की ओर से मामले पर कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की इस उदासीनता से जनता में गलत संदेश जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सुनी जानी चाहिए और उठाए गए सवालों पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। अमित भगत ने प्रशासन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं, भाजपा नेता शुभम मंडल ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर बीडीओ के खिलाफ कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि जब तक पथरगामा प्रखंड विकास पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। धरना-प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। धीरे-धीरे ग्रामीणों का आक्रोश पथरगामा बीडीओ के खिलाफ बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह प्रशासन का गुलाम बन चुका है। अब जनता को अपने हाथों में कानून लेना होगा, तभी ऐसे भ्रष्ट पदाधिकारी सबक सीखेंगे।



