सिंगरौली
कंचन ज्वेलर्स डकैती में चौथा आरोपी गिरफ्तार
15.33 ग्राम सोना और 3500 रुपए बरामद; झारखंड से लूटी रोनिन बाइक भी मिली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली/जयंत। जयंत के बजरंग कॉम्प्लेक्स स्थित कंचन ज्वेलर्स में हुई हथियारबंद डकैती के मामले में सिंगरौली पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मध्यप्रदेश पुलिस और झारखंड के गढ़वा पुलिस की संयुक्त अंतरराज्यीय कार्रवाई में सोनू उर्फ शाबिर अंसारी को 19 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर डकैती में उसके हिस्से का 15.33 ग्राम सोना और 3,500 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा झारखंड में हुई मोटरसाइकिल लूट के एक मामले से जुड़ी रोनिन मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
17 सितंबर की शाम करीब 5:55 बजे मस्जिद तिराहा जयंत के पास स्थित कंचन ज्वेलर्स में छह हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला था। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने दुकान में मौजूद लोगों को हथियार दिखाकर धमकाया और सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी लूटने के बाद फरार हो गए थे। वारदात के दौरान फायरिंग भी हुई थी, जिसमें दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और संभावित भागने के रास्तों की पड़ताल शुरू कर दी थी।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए सिंगरौली पुलिस ने 10 अलग-अलग टीमें गठित कर उन्हें विभिन्न राज्यों और संभावित ठिकानों पर रवाना किया था। इसी कार्रवाई के दौरान दो आरोपी लकी कुमार पासवान और अनुराग कुमार चन्द्रवंशी अनपरा क्षेत्र में मोटरसाइकिल से भागते समय वाहन गिरने से घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों को अभिरक्षा में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। उनके कब्जे से एक अपाचे मोटरसाइकिल, 180.7 ग्राम सोने के जेवरात, 205.410 ग्राम चांदी के जेवरात और 54,200 रुपए नकद बरामद किए गए थे।
मामले की जांच आगे बढ़ने पर कंचन ज्वेलर्स डकैती में शामिल रोशन कुमार को उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई में पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान वह घायल हुआ था और अस्पताल में उसका उपचार कराया गया। सिंगरौली पुलिस की टीम ने अस्पताल पहुंचकर उससे पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में रोशन ने डकैती में अपनी संलिप्तता और अन्य साथियों के संबंध में जानकारी दी। इसी आधार पर सोनू उर्फ शाबिर अंसारी और शमशाद अंसारी तक जांच की कड़ी पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि गिरोह के सदस्य झारखंड के गढ़वा जिले में मोटरसाइकिल लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर को रंका थाना क्षेत्र और 13 सितंबर को हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में मोटरसाइकिल लूट की घटनाएं हुई थीं। कंचन ज्वेलर्स डकैती और इन घटनाओं के बीच संबंध सामने आने के बाद सिंगरौली पुलिस ने गढ़वा पुलिस से समन्वय स्थापित किया।
इसके बाद श्री बंशीधर नगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह और उनकी टीम के साथ सिंगरौली पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार पतासाजी के बाद सोनू उर्फ शाबिर अंसारी, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम पतिहारी, थाना विशुनपुरा, जिला गढ़वा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सोनू ने कंचन ज्वेलर्स डकैती के साथ रंका और हरिहरपुर क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल लूट की घटनाओं में अपनी भूमिका के बारे में जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर रोनिन मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसे पुलिस ने झारखंड में हुई लूट की घटना से संबंधित बताया है। वहीं कंचन ज्वेलर्स डकैती से जुड़े 15.33 ग्राम सोने और 3,500 रुपए नकद की अलग से बरामदगी की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ गढ़वा के विशुनपुरा थाने, सिंगरौली के विंध्यनगर थाने और उत्तर प्रदेश के अनपरा थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें लूट, चोरी, मारपीट, हथियार अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े प्रकरण शामिल हैं।
कंचन ज्वेलर्स डकैती के बाद सिंगरौली पुलिस की 10 टीमें लगातार अलग-अलग राज्यों में आरोपियों की तलाश में जुटी रहीं। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र तथा अंतरराज्यीय समन्वय के जरिए अब तक चार आरोपियों के पकड़े जाने की जानकारी है।
पुलिस की कार्रवाई अभी पूरी नहीं हुई है। मामले में फरार शमशाद अंसारी सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के साथ डकैती में लूटे गए शेष जेवरात और नकदी की बरामदगी के लिए भी टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही विभिन्न राज्यों में गिरोह द्वारा की गई अन्य वारदातों के संबंध में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



