गोड्डा
‘TEJAS’ जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिले में उद्यमिता, नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT), स्टार्टअप इंडिया, झारखंड सरकार एवं JIIDCO के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उद्योग, श्रम, रोजगार, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव, उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत, तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमृत झा, झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य इकरारूल हसन, सहायक निदेशक, एमएसएमई, धनबाद दीपक कुमार, JIIDCO, रांची के विकास कुमार एवं जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राजेंद्र प्रसाद के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। संजय प्रसाद यादव ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं में नए विचारों एवं नवाचार की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि इन विचारों को उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, संसाधन एवं अवसर उपलब्ध कराकर व्यावहारिक उद्यम में परिवर्तित किया जाए। उन्होंने युवाओं को सरकार की स्टार्टअप एवं उद्यमिता से संबंधित नीतियों एवं योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कहा कि युवा केवल नौकरी की तलाश करने वाले न बनें, बल्कि रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने स्थानीय संसाधनों एवं स्थानीय आवश्यकताओं पर आधारित व्यवसायिक विचारों को विकसित करने, नई तकनीकों को अपनाने तथा स्वरोजगार के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने पर जोर दिया। कार्यशाला के दौरान TEJAS पहल, स्टार्टअप इंडिया एवं उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, व्यवसायिक विचारों को विकसित करने, नवाचार, वित्तीय सहयोग, मेंटरशिप, इन्क्यूबेशन, बाजार से जुड़ाव एवं विभिन्न सरकारी सहायता योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
TEJAS जिला स्तरीय कार्यशाला के माध्यम से जिले में स्थानीय प्रतिभा, नवाचार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को उपलब्ध अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला में झारक्राफ्ट के क्लस्टर प्रबंधक अब्दुल कादिर, ईओडीबी मैनेजर मनीष कुमार, ईओडीबी मैनेजर चंद्रशेखर शर्मा, जिला उद्योग केंद्र के समन्वयक देवव्रत कुमार सहित बड़ी संख्या में उद्यमी, कारीगर, युवा, विद्यार्थी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।



