बरेली
बरेली में दो दिवसीय औद्यानिक निर्यात प्रशिक्षण संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जनपद बरेली में उ.प्र. राज्य औद्यानिक निर्यात प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 व 23 सितंबर को कृषि विज्ञान केंद्र, आईवीआरआई इज्जतनगर में आयोजित किया गया।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उप निदेशक उद्यान बरेली मंडल डॉ. धर्म पाल यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बरेली मंडल के 50 से अधिक प्रगतिशील किसानों, कृषक उत्पादक संगठनों और व्यापारियों ने प्रतिभाग किया। जिला उद्यान अधिकारी जितेंद्र कुमार और वरिष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक रवी शुक्ला ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और किसानों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षकों के रूप में केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुशील शुक्ला, एपीडा प्रतिनिधि आलोक मिश्रा, मिट्टी बचाओ अभियान के संस्थापक अक्षत देवरा, केवीके के उद्यान विशेषज्ञ डॉ. रंजीत सिंह, कृषि वैज्ञानिक डॉ. आरएल सागर तथा प्रगतिशील किसान अनिल साहनी, प्रवीन गुप्ता और नरेश शर्मा ने भाग लिया।
अक्षत देवरा ने मृदा स्वास्थ्य और सूक्ष्म जीवों की कमी पर, आलोक मिश्रा ने एपीडा की ट्रेसबिलिटी, पैकेजिंग, प्रमाणीकरण और वित्तीय सहायता पर, डॉ. सुशील शुक्ला ने GAP, IPM और कैनोपी प्रबंधन पर जानकारी दी। प्रगतिशील किसानों ने FPO गठन, क्लस्टर निर्माण, उच्च मूल्य वाली फसलों और ड्रैगन फ्रूट की खेती के अनुभव साझा किए।
अंत में उप निदेशक डॉ. धर्म पाल यादव ने किसानों को फार्म रिकॉर्ड और डाटा प्रबंधन अपनाने तथा जिला उद्यान अधिकारी जितेंद्र कुमार ने निर्यातोन्मुखी खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया।




