खैरथल
जिला स्तरीय हैंडबॉल में वल्लभग्राम रहा अव्वल, तीनों वर्गों में लहराया परचम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। एमजीजीएस जाट, बहरोड़ में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वल्लभग्राम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता के 14 व 17 वर्षीय छात्र वर्ग में विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया, वहीं 19 वर्षीय छात्रा वर्ग में टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती साधना आहूजा ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास और जोश के साथ मुकाबले खेले। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के 9 खिलाड़ियों—आसिफ, दिलशाद, मोहम्मद साहिल, रोहित, जासमीन, साक्षी, सपना, पावनी और अरमाना का राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। खिलाड़ियों के राज्य स्तर पर चयन से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
उपलब्धि के बाद गांव लौटे खिलाड़ियों का ग्रामीणों ने माला पहनाकर स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान गोविंद चचलानी एवं मुखी वासदेव दासवानी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें खेल किट और जूते प्रदान किए।
कार्यक्रम में जाजन मुलानी, घनश्याम चचलानी, विनेश सीरवानी, हरचन्द, इसराईल, प्रीतम, समीम, रीयाज मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। ग्रामीणों ने खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।



