खैरथल
खैरथल में विद्यार्थियों को पढ़ाया साइबर सुरक्षा का पाठ
ओटीपी से लेकर सिम हाइजेकिंग तक समझाए ठगी के तरीके

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रखने के उद्देश्य से गुरुवार को खैरथल स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में साइबर सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केरला पब्लिक स्कूल खैरथल के 42 विद्यार्थियों ने भाग लिया। करीब पौने दो घंटे चले प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को साइबर ठगी के नए तरीकों से लेकर उनसे बचाव के आसान उपाय बताए गए।
OTP मांगने वाला कितना भी अपना हो, जानकारी साझा न करें
डीएसपी इंदिरा देवी की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में सीआई रामावतार मीणा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। साइबर सुरक्षा प्रशिक्षक लोकेश कुमार ने वास्तविक परिस्थितियों के उदाहरण देकर विद्यार्थियों को समझाया कि साइबर अपराधी किस तरह लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं।
प्रशिक्षण में OTP फ्रॉड, फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन, सोशल मीडिया धोखाधड़ी और सिम हाइजेकिंग जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि ठग फोन कॉल, मैसेज या लिंक के जरिए विश्वास हासिल कर बैंकिंग डिटेल, OTP, पासवर्ड, सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल नंबर से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं।
अनजान लिंक और ऐप से रहें सावधान
विद्यार्थियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करें, अनजान ऐप डाउनलोड नहीं करें और OTP व पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करें। साथ ही सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने और मजबूत पासवर्ड रखने की सलाह दी गई।
साइबर डीएसपी इंदिरा देवी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल अभिभावकों या पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों और साइबर थाना स्टाफ ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाने के साथ उन्हें जिम्मेदार और जागरूक डिजिटल नागरिक बनाना रहा।


