भरत पुर
जीबी कॉलेज में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नशे के साथ मोबाइल और गैजेट्स की लत भी चिंताजनक: डॉ. उर्वशी पाराशर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर। जीबी कॉलेज भुसावर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
मोबाइल की लत से एकाग्रता और नींद पर पड़ता है असर
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उर्वशी पाराशर ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं और बच्चों में बढ़ती मोबाइल एवं अन्य गैजेट्स की लत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग एकाग्रता में कमी, नींद संबंधी समस्याओं और सामाजिक व्यवहार पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग की अत्यधिक लत से बचाएं तथा उन्हें खेलकूद, रचनात्मक कार्यों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ें।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समाज में नशा मुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने सहभागिता निभाई।

