विद्युत विभाग की लापरवाही से किसान की गन्ने की फसल फुंकी
ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयासों से आग पर काबू पाकर सैकड़ों बीघा फसल बचाकर बड़ा हादसा टाला ।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
औरंगाबाद बुलंदशहर विभाग की लापरवाही से ग्राम जडौली में एक किसान की गन्ने की फसल विद्युत तारों की चिंगारी से भड़की आग में जल कर स्वाहा हो गई। आसपास के ग्रामीणों ने त्वरित रूप से सामूहिक प्रयासों से बढ़ती आग पर काबू पाकर सैकड़ों बीघा फसल बचाकर बड़ा हादसा टाला।
विकास खंड जहांगीराबाद अंतर्गत जाडौल बिजली घर के गांव जडौली में सोमवार को ब्रह्म सिंह के ईख के खेत के उपर से होकर गुजर रहे विद्युत तारों से चिंगारी निकलने लगीं और देखते ही देखते ईख के खेत में आग लग गई। ईख में आग लगी देख ग्रामीणों ने जलते खेत की ओर दौड़ लगाई। इससे पहले कि बढ़ती आग आसपास के खेतों में फैलती किसानों ने सामूहिक प्रयासों से बढ़ती आग पर जैसे तैसे काबू पाकर सैकड़ों बीघा फसल बचाकर एक बड़ा हादसा पेश आने से पूर्व ही टालने में कामयाबी हासिल कर ली।
ग्राम प्रधान डॉ अजीत सिंह ने बताया कि किसानों ने विद्युत विभाग से बार बार फसल के उपर से होकर गुजर रहे विद्युत तारों को हटाने की गुहार लगाई लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं हो सकी जिसके चलते यह घटना घटित हुई है। किसान की लगभग दो बीधा ईख की फसल स्वाहा हुई है। किसानों ने विद्युत विभाग से क्षतिपूर्ति कराये जाने की मांग की है।



