
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बालाघाट। धान खरीदी ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से सुनिश्चित करने की मांग को लेकर किसान गर्जना संगठन 23 नवंबर 2026 को किसान जन अधिकार आक्रोश रैली एवं रेल रोको आंदोलन करेगा। आंदोलन की तैयारियों को लेकर संगठन के प्रदेश कार्यालय, दीनदयाल पुरम, बालाघाट में जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद चौधरी ने कहा कि सरकार ने किसानों से धान ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का वादा किया था। संगठन की मांग है कि सरकार वादा पूरा कर खरीदी समितियों के माध्यम से निर्धारित दर पर धान खरीदे। उन्होंने कहा कि किसानों को अपने हक के लिए बार-बार आंदोलन करने को मजबूर नहीं होना चाहिए।
बैठक में आंदोलन की रणनीति, संगठन को ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर मजबूत करने और अधिकाधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। संगठन ने किसानों, युवाओं और किसान परिवारों से 23 नवंबर के आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष तोमेश्वर राहगंडालें, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ऐसलाल बिसेन एवं गुलाब तुरकर, जिला युवा अध्यक्ष संतोष बिसेन, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रेशमा कुमरे सहित विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।




