गोड्डा
बारिश की बेरुखी से परेशान किसान, धान की फसल बचाने के लिए कर रहे पटवन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। प्रखंड क्षेत्र के पिपरा पंचायत अंतर्गत हरला टोला में बारिश की कमी के कारण धान की खेती प्रभावित हो रही है। मानसून के शुरुआती दौर में पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसानों को धान की रोपाई में देरी का सामना करना पड़ा। वहीं, अब धान की फसल में बालियां निकलने के समय पानी की कमी होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। खेतों में नमी घटने के कारण धान की फसल सूखने लगी है, जिससे किसान चिंतित हैं। किसानों के अनुसार, इस वर्ष शुरुआती दिनों में पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण धान की रोपाई समय पर नहीं हो सकी। किसानों ने किसी तरह धान की रोपाई पूरी की, लेकिन अब फसल के विकास के महत्वपूर्ण समय में बारिश नहीं होने से खेतों की नमी कम हो रही है। इससे धान की फसल पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। फसल को सूखने से बचाने के लिए किसान पंप और मोटर सहित अन्य साधनों से खेतों में पटवन करने को मजबूर हैं। इससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। किसानों को आशंका है कि यदि अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश नहीं हुई, तो धान की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। इससे पैदावार में कमी आने के साथ किसानों की आर्थिक परेशानी भी बढ़ सकती है। किसानों ने बारिश की उम्मीद जताते हुए कहा कि समय पर पानी मिलना धान की अच्छी पैदावार के लिए बेहद जरूरी है।


