सिंगरौली

युवाओं को सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिकता का पाठ पढ़ाया, एसपी ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

 

सिंगरौली। मध्यप्रदेश पुलिस की सामुदायिक पुलिस शाखा एवं उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ अभियान के तहत 31 अक्टूबर 2026 को शासकीय महाविद्यालय बैढ़न में जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और जीवन में सही निर्णय लेने, अनुशासन अपनाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को अपने जीवन का एक अनुभव साझा करते हुए हेलमेट के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल यातायात नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है। दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना चाहिए।

संवाद के दौरान किशोरावस्था से वयस्कता की ओर बढ़ते समय होने वाले शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक बदलावों, पॉक्सो अधिनियम, महिला एवं बाल सुरक्षा, व्यक्तिगत सीमाओं के सम्मान तथा कानूनी अधिकारों पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने इन विषयों पर खुलकर प्रश्न पूछे, जिनका एसपी ने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से जवाब दिया।

उन्होंने साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी देते हुए बताया कि साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की। आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए डायल-112 सेवा की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार, बैढ़न थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी, नवानगर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र पाठक, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह तोमर सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, महाविद्यालय के प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता, सुरक्षा की समझ और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button