ललितपुर

सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने एडीएम ने ली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

नाबालिग वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरुक करने के निर्देश

सर्दी के मौसम के चलते गति नियंत्रक, रम्बल स्ट्रिप, फॉग लाइट आदि बढ़ाने पर जोर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम दिनेश कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में एडीएम द्वारा शीतकाल के दौरान कोहरे व धुंध के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सभी मुख्य मार्गों, तीखे मोड़ों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, कैट्स आई और हाई-रिफ्लेक्टिव डेलिनेटर तुरंत दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। परिवहन व पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर सभी वाणिज्यिक वाहनों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और ट्रकों पर लाल व पीली रिफ्लेक्टिव टेप लगाना अनिवार्य करने तथा वाहनों की फॉग लाइट व इंडिकेटर्स की सघन जांच करने के निर्देश दिए गए। यह भी निर्देश दिये कि कोहरे के दौरान दृश्यता कम होने की स्थिति में राजमार्गों के किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग को रोकने के लिए पेट्रोलिंग बढ़ायें और क्रेन द्वारा ऐसे वाहनों को तुरंत हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस को अलर्ट मोड पर रखने और सोशल मीडिया व रेडियो के माध्यम से आमजन के लिए लगातार मौसम व रूट एडवाइजरी जारी करने का निर्णय लिया गया। बैठक में नाबालिग बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरुक करने व उनके अभिभावकों को नाबालिग बच्चों को वाहन न देने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिये गए। यह भी निर्देश दिये गए कि नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर ऐसे वाहनों को मौके पर ही सीज (जब्त) किया जाए। नाबालिगों के अभिभावकों (माता-पिता) और वाहन स्वामियों के विरुद्ध भी अर्थदंड लगाने के साथ-साथ कानूनी शिकंजा कसा जाए। बैठक में उपस्थित अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों और यातायात पुलिस को सख्त लहजे में दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी। सड़क सुरक्षा को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि नेशनल हाईवे और मुख्य मार्गों पर स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए अवैध कटों को तुरंत बंद किया जाए। चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार कार्य में देरी करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाए। बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों (रैश ड्राइविंग), नशे में वाहन चलाने वालों और ओवरलोड कमर्शियल वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तत्काल निरस्त किये जाए। इसके साथ ही गंभीर लापरवाही पर सीधे एफआईआर दर्ज की जाए। बैठक के दौरान एडीएफओ सत्येन्द्र तोमर, अधिशासी अभियंता लो.नि.वि. विजय चन्द्रा, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंतत्रण सोन सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रत्नेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह यादव, अधिशासी अधिकारी नपा दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अधिशासी अभियन्ता विद्युत, परियोजना निदेशक एनएचएआई, प्रभारी निरीक्षक यातायात आलोक तिवारी, पुलिस सीसी टीम, आईरेड प्रभारी नरेन्द्र सिंह व अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button