जामताड़ा
विद्यालयों में लिंगभेद एवं ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों के साथ भेदभाव रोकने को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देशानुसार जिला शिक्षा विभाग की ओर से जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में लिंगभेद तथा ट्रांसजेंडर (तृतीय लिंग) विद्यार्थियों के साथ होने वाले भेदभाव को रोकने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में करमाटांड़ प्रखंड के पीएम श्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिंडारी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय तेलियाडीह, उत्क्रमित मध्य विद्यालय रानीटांड़ सहित विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को इस विषय पर जागरूक किया गया। विद्यालयों की प्रार्थना सभा में बच्चों को भेदभाव रहित व्यवहार, समानता, सम्मान एवं समावेशिता की शपथ दिलाई गई।
जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति द्वारा जारी कार्यालय आदेश में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की ओर से ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के कल्याण एवं अधिकारों के संरक्षण के लिए जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत विद्यालयों में ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों के प्रवेश, मूल्यांकन एवं दैनिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार का मानसिक, सामाजिक अथवा शारीरिक भेदभाव नहीं करने पर जोर दिया गया है।
निर्देश के अनुसार विद्यालयों में शिक्षकों, गैर-शैक्षणिक कर्मियों एवं विद्यार्थियों के बीच नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान का भाव विकसित करना है। साथ ही विद्यालयों में आवश्यकतानुसार उपयुक्त शौचालय एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, विद्यार्थियों की पहचान एवं अभिलेखों में नियमानुसार सुधार करने तथा उनकी शिकायतों के गोपनीय एवं प्रभावी निवारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक विद्यार्थी को उसकी लैंगिक पहचान से परे समान अधिकार, सम्मान और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिलना चाहिए। किसी भी विद्यार्थी के साथ लिंग अथवा लैंगिक पहचान के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।
इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों को ऐसा सुरक्षित, समावेशी एवं भेदभावमुक्त शैक्षणिक वातावरण बनाना है, जहां प्रत्येक बच्चा बिना किसी भय और संकोच के शिक्षा प्राप्त कर सके।



