
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मुख्य बाजार स्थित छठ घाट तालाब का सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी एजाज हुसैन अंसारी एवं अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र मंडल भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने छठ महापर्व को देखते हुए घाट की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुखिया निधि से निर्माणाधीन 40 फीट लंबे छठ घाट का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने घाट के आसपास साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष ध्यान देने की बात कही।
प्रखंड विकास पदाधिकारी एजाज हुसैन अंसारी ने कहा कि छठ घाट की साफ-सफाई को लेकर प्रखंड स्तर से जो भी आवश्यक कार्य किए जा सकते हैं, उन्हें जल्द पूरा कराया जाएगा। घाट और आसपास के क्षेत्रों की बेहतर सफाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं बाजारवासियों ने अधिकारियों को पूजा के दौरान होने वाली समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे कई घरों की नालियों का गंदा पानी दिनभर सड़क पर बहता रहता है, जिससे रास्ते पर काफी गंदगी और कीचड़ जमा हो जाता है। छठ के दौरान इसी रास्ते से श्रद्धालुओं का आना-जाना होता है। लोगों ने सड़क को समतल कराने तथा तालाब के चारों ओर साफ-सफाई एवं बेहतर व्यवस्था करने की मांग की।
अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया, ताकि छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न हो सके।




