सिंगरौली
अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की छापेमारी, 18 प्रकरण दर्ज
70 लीटर शराब और 300 किलो महुआ लाहन जब्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर अंकित अस्थाना के नेतृत्व और जिला आबकारी अधिकारी प्रणय श्रीवास्तव के निर्देशन में पिछले 3 दिनों के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन गश्त और छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध शराब के कारोबार से जुड़े मामलों में कुल 18 प्रकरण दर्ज किए गए।
आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान करीब 70 लीटर अवैध शराब जब्त की। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला लगभग 300 किलोग्राम महुआ लाहन भी बरामद किया गया। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी संतोष यादव, आबकारी उप निरीक्षक नीलिमा मार्को, मुख्य आरक्षक बहादुर सिंह, रामनरेश एवं आलोक सिंह तथा आरक्षक अनुज, धीरू, अमरपाल और संध्या का सराहनीय योगदान रहा।
जिला प्रशासन के निर्देशन में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सघन गश्त एवं प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।



