मतदान दलों की रवानगी के दौरान लापरवाही बरतने पर पांच कर्मचारी निलंबित
मोटर वाहन निरीक्षक को दि 17 सीसीए चार्जशीट
3 जोनल मजिस्ट्रेट को कारण बताओं नोटिस
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। पंचायती राज चुनाव-2026 के तहत मतदान दलों की रवानगी के दौरान निर्वाचन कार्य में लापरवाही एवं बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने पांच कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, निर्वाचन कार्य के लिए वाहनों एवं बसों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करने पर मोटर वाहन निरीक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए 17 सीसीए चार्जशीट दी गई। इसी प्रकार रवानगी स्थल पर 3 जोनल मजिस्ट्रेट का निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने पर कारण बताओं नोटिस जारी किया गया।
निलंबित किए गए कर्मचारियों में सत्यवीर सिंह, व्याख्याता, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बघेरीखुर्द, कोटकासिम; जितेन्द्र सिंह मीना, पम्प ऑपरेटर ग्रेड-2, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, उपखण्ड खैरथल; नरेश, विद्यालय सहायक, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जोड़ियामेव, तिजारा; राजाराम यादव, कृषि पर्यवेक्षक, कृषि विभाग, किशनगढ़बास तथा कृष्ण कुमार स्वामी, पशुधन निरीक्षक, पशुपालन विभाग, खैरथल शामिल हैं। उक्त कर्मचारी मतदान दलों की रवानगी के दौरान बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए थे। इन सभी कर्मचारियों का मुख्यालय नियंत्रण कक्ष जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय रखा गया है।
मोटर वाहन निरीक्षक को 17 सीसीए कि चार्जशीट जारी
इसी क्रम में मनोज कुमार सिंघल, मोटर वाहन निरीक्षक, कार्यालय जिला परिवहन अधिकारी, भिवाड़ी के विरुद्ध राजस्थान सिविल सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम-17 के तहत आरोप पत्र जारी किया गया है।
आरोप पत्र के अनुसार श्री सिंघल को पंचायती राज चुनाव के सुचारू संचालन के लिए वाहन प्रकोष्ठ का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया था। उन्हें निर्वाचन कार्य हेतु आवश्यक वाहनों एवं बसों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया था। परंतु मतदान दलों की रवानगी के दौरान वाहन प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी के रूप में उन्होंने अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता बरती। इसे राजकार्य के प्रति लापरवाही एवं अनुशासनहीनता मानते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की गई है।
जोनल मजिस्ट्रेट को कारण बताओ नोटिस जारी
इसी प्रकार पंचायत समिति किशनगढ़बास के लिए जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए दीपक कुमार, सहआचार्य, राजकीय महाविद्यालय खैरथल; शक्ति सिंह, सहायक अभियंता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, किशनगढ़बास तथा अनिल कुमार, सहायक अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, किशनगढ़बास को मतदान दलों की रवानगी स्थल पर निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने के कारण जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पंचायती राज चुनाव में नियुक्त सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन करें, ताकि निर्वाचन कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके। भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


