बरेली
जेनरेशन यूनाइट सीजन-2 का भव्य आयोजन, तीन पीढ़ियों के संगम ने बिखेरे रंग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली / रिठौरा। पद्मावती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को ‘जेनरेशन यूनाइट सीजन-2’ का भव्य आयोजन उत्साह और आत्मीयता के साथ किया गया। विभिन्न पीढ़ियों के बीच जुड़ाव और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीए वैशाली गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद नन्हें-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
प्रधानाचार्या ममता सक्सेना ने कहा कि बदलते परिवेश में नौनिहाल अपनी संस्कृति और जड़ों से न भटकें, इसके लिए रिश्तों का ताना-बाना जरूरी है। दादा-दादी, नाना-नानी, चाचा-ताऊ, बुआ-फूफा जैसे रिश्ते परिवार की मुख्य डोर हैं।
चेयरमैन पारूष अरोड़ा ने अतिथियों का फूल-माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। संचालन उप प्रधानाचार्या शिवानी सूरी ने किया और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पं. सुरेश चंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और स्टाफ मौजूद रहा।




