ललितपुर

धनतेरस पर ललितपुर के बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़, जमकर हुई धनवर्षा

सोना-चांदी से लेकर मिटटी के दीये, ग्वालिन, मुड़घरे और सजावटी झालरों की खूब हुई बिक्री

सदर कांटा से आजाद चौक तक रही भारी भीड़, कटरा बाजार में पैर रखने तक की नहीं मिली जगह
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। धनतेरस के पावन पर्व पर शुक्रवार को ललितपुर के बाजारों में खरीदारी का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमडऩे लगी, जो देर शाम तक जारी रही। सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर बर्तन, मिट्टी के दीये, सजावटी झालर, स्टीकर और दीपावली पूजन से जुड़ी सामग्री की जमकर खरीदारी हुई। त्योहार के चलते बाजारों में रौनक छाई रही और व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी दिखाई दी। धनतेरस पर परंपरा के अनुसार लोगों ने सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी की। वहीं घरों को रोशन और सजाने के लिए मिट्टी के दीये, रंग-बिरंगी झालरें, आकर्षक स्टीकर और अन्य सजावटी सामान भी खूब बिके। ग्रामीण और पारंपरिक संस्कृति से जुड़ी मिट्टी की ग्वालिन तथा पशुओं के मुड़घरे खरीदने के लिए भी लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। पूजा-पाठ की सामग्री और दीपावली से संबंधित सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। शहर के सदर कांटा से लेकर आजाद चौक तक बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ नजर आई। वहीं कटरा बाजार में स्थिति यह रही कि लोगों को पैदल निकलने तक में परेशानी का सामना करना पड़ा। दुकानों के बाहर ग्राहकों की कतारें लगी रहीं। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने दीपावली की तैयारियों के लिए जमकर खरीदारी की। धनतेरस के अवसर पर बाजारों की चहल-पहल ने त्योहार की खुशियों और उल्लास को और बढ़ा दिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button