गोड्डा

राज्य स्थापना दिवस पर ब्लॉक एवं थाना के 50-60 कर्मियों ने चलाया स्वच्छता अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पथरगामा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी नितेश कुमार गौतम एवं थाना प्रभारी कृष्णा कुमार साहा ने संयुक्त रूप से रन फॉर क्लीनलिनेस कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर ब्लॉक एवं थाना के लगभग 50 से 60 कर्मियों ने मिलकर प्रखंड क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के तहत प्रखंड परिसर, थाना परिसर एवं पथरगामा मुख्य चौक सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की गई। वहीं, लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए ऐतिहासिक चिहारी पीठ स्थित बाबाजी पोखर, सपिन नदी एवं सुंदर नदी के छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा-कचरा और गंदगी हटाकर साफ-सफाई की गई, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान स्वच्छ वातावरण मिल सके।मौके पर बीडीओ सह सीओ एवं थाना प्रभारी ने प्रखंडवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखें। सड़कों, नदियों, तालाबों एवं धार्मिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा नहीं फैलाएं तथा नियमित रूप से साफ-सफाई करें। स्वच्छ वातावरण रहने से गंदगी के कारण होने वाली बीमारियों का खतरा भी कम होता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सभी लोग अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता अभियान में सहयोग करें, ताकि छठ महापर्व के अवसर पर घाटों के साथ-साथ पूरा प्रखंड क्षेत्र स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बना रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button