बोकारो में बाल सुरक्षा सप्ताह का आयोजन
बच्चों को हिंसा और साइबर बुलिंग से बचाव के प्रति किया गया जागरूक

19 से 25 नवंबर तक जिले के विद्यालयों में चला जागरूकता अभियान, पेंटिंग, स्लोगन और भाषण प्रतियोगिताओं के जरिए दिया सुरक्षित बचपन का संदेश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों और उन्हें सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बोकारो जिले में 19 से 25 नवंबर 2026 तक बाल सुरक्षा सप्ताह (चाइल्ड सेफ्टी वीक) का आयोजन किया जा रहा है। जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय, जिला स्वास्थ्य समिति बोकारो एवं सेंटर फॉर कैटेलाइजिंग चेंज (C3) के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है।विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य एवं आरोग्य राजदूतों द्वारा सत्र-10 ‘हिंसा एवं चोट के खिलाफ सुरक्षा’ तथा सत्र-11 ‘इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग’ विषय पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इसमें किशोर-किशोरियों को मौखिक, शारीरिक, यौन एवं भावनात्मक हिंसा के साथ-साथ साइबर बुलिंग के प्रति सचेत किया गया। विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल अधिकार, अच्छे एवं बुरे स्पर्श की पहचान, साइबर सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार की स्थिति में उचित कदम उठाने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम को रोचक और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर पेंटिंग, स्लोगन लेखन, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन ने कहा कि बाल सुरक्षा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनमें आत्मविश्वास एवं आत्मरक्षा की भावना विकसित करना तथा हिंसा, शोषण या दुर्व्यवहार के विरुद्ध बिना किसी भय के आवाज उठाने के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विद्यालयों में सुरक्षित, सहयोगात्मक और भयमुक्त वातावरण का निर्माण बेहद जरूरी है। जिले के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यालयों सहित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में भी इस अभियान का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की सफलता में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, स्वास्थ्य एवं आरोग्य राजदूतों तथा सेंटर फॉर कैटेलाइजिंग चेंज (C3) की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। अभियान का संदेश है कि सुरक्षित बचपन ही सशक्त भविष्य की मजबूत नींव है।


