दिल्ली

कर्नाटक सरकार की सेना भर्ती प्रशिक्षण योजना पर जीविका भारत ने उठाए गंभीर सवाल, विरोध प्रदर्शन की चेतावनी

मुस्लिम युवाओं के लिए अलग से प्रशिक्षण योजना को बताया भेदभावपूर्ण, सभी वर्गों के योग्य युवाओं को समान अवसर देने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

नई दिल्ली। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के अल्पसंख्यक निदेशालय की ओर से मुस्लिम युवाओं को सेना भर्ती की पूर्व तैयारी के लिए 60 दिवसीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने संबंधी योजना को लेकर सामाजिक संगठन जीविका भारत ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन ने इस योजना पर सवाल उठाते हुए इसे धर्म के आधार पर सरकारी सहायता देने का मामला बताया और मांग की कि सेना में भर्ती की तैयारी करने वाले सभी वर्गों के युवाओं को समान अवसर प्रदान किए जाएं।

बुधवार को अंकुर बिहार लोनी में आयोजित प्रेसवार्ता में जीविका भारत के राष्ट्रीय एवं विभिन्न प्रदेशों के पदाधिकारियों ने कर्नाटक सरकार की प्रस्तावित योजना पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। वक्ताओं का कहना था कि सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों में धर्म एवं जाति के आधार पर अलग-अलग व्यवस्था नहीं होनी चाहिए। उनका तर्क था कि सेना में भर्ती होने की इच्छा रखने वाला प्रत्येक योग्य युवा, चाहे वह किसी भी धर्म या समुदाय से संबंधित हो, सरकारी प्रशिक्षण एवं सहायता पाने का समान अधिकार रखता है।

प्रेसवार्ता में संगठन के पदाधिकारी राम निवास त्रिपाठी ने सवाल उठाया कि यदि कर्नाटक सरकार युवाओं को सेना भर्ती के लिए प्रशिक्षित करना चाहती है तो यह सुविधा केवल मुस्लिम युवाओं तक सीमित क्यों रखी जा रही है? इसे सभी समुदायों के जरूरतमंद और योग्य युवाओं के लिए समान रूप से लागू किया जाना चाहिए।

वक्ताओं ने योजना के उद्देश्य और उसकी प्रक्रिया को लेकर भी सरकार से स्पष्टीकरण मांगा। संगठन का आरोप है कि इस प्रकार की अलग-अलग व्यवस्थाएं समाज में असमानता और आपसी अविश्वास को बढ़ावा दे सकती हैं। हालांकि, प्रेसवार्ता में योजना को लेकर संगठन की ओर से व्यक्त की गई कई गंभीर आशंकाओं के समर्थन में कोई स्वतंत्र प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया।

जीविका भारत के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि कर्नाटक सरकार इस योजना को वापस नहीं लेती अथवा सभी समुदायों के लिए समान अवसर सुनिश्चित नहीं करती तो संगठन चरणबद्ध तरीके से विरोध-प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में संगठन के कार्यकर्ता भाग लेंगे।

संगठन की ओर से यह भी घोषणा की गई कि इस मामले को लेकर माननीय उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर करने की तैयारी की जाएगी। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री से भी हस्तक्षेप करने की मांग की गई। प्रेसवार्ता में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की मांग भी उठाई गई, हालांकि इस संबंध में कोई संवैधानिक या कानूनी आधार विस्तार से प्रस्तुत नहीं किया गया।

वक्ताओं ने कांग्रेस सरकार पर मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी धन का इस्तेमाल पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी एक समुदाय के युवाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है तो अन्य समुदायों के युवाओं के लिए भी समान व्यवस्था होनी चाहिए।

प्रेसवार्ता में राम सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष; विवेकानंद दीक्षित, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री; श्रीराम निवास त्रिपाठी, प्रदेश अध्यक्ष, जीविका मेरठ प्रदेश; डॉ. सुंदरकांत सीतापुत्र, प्रदेश मंत्री, बिहार; शिवम तिवारी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष; घनश्याम , प्रदेश अध्यक्ष; कैलाश आर्य, प्रदेश संगठन मंत्री; डॉ. मनोज कुमार झा, प्रदेश अध्यक्ष तथा सत्यप्रकाश मानव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कर्नाटक सरकार से योजना के उद्देश्य और उसके स्वरूप को सार्वजनिक करने की मांग की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button