गोड्डा

मुँह से लिखकर मैट्रिक में 93.8% अंक हासिल करने वाले फैजानुल्लाह से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की मुलाकात

रिसोर्स शिक्षक जीतेन्द्र कुमार भगत के चार वर्षों के अथक प्रयास से मिली सफलता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। गोड्डा जिले के दिव्यांग छात्र मोहम्मद फैजानुल्लाह ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और समावेशी शिक्षा के सहयोग से एक ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जो पूरे देश के लिए प्रेरणा बन गई है। सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) से प्रभावित फैजानुल्लाह दांतों से पेन पकड़कर यानी मुँह से लिखते हुए झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की मैट्रिक परीक्षा 2026 में 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफल हुए हैं। उनकी इस असाधारण उपलब्धि पर 26 नवंबर 2026 को झारखंड विधानसभा में राज्य के माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनसे मुलाकात की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फैजानुल्लाह के शिक्षा के प्रति जज्बे, दृढ़ इच्छाशक्ति और संघर्ष की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता को झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश में समावेशी शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति और दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का प्रेरणादायक उदाहरण बताया। फैजानुल्लाह की इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के अंतर्गत संचालित Home-Based Education (HBE) के साथ-साथ प्रखंड संसाधन केंद्र, गोड्डा के रिसोर्स शिक्षक जीतेन्द्र कुमार भगत के लगभग चार वर्षों के अथक प्रयास, समर्पण और निरंतर मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। फैजानुल्लाह एक समय पढ़ाई छोड़ चुके थे और सामान्य तरीके से लिख पाने में असमर्थ थे। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में रिसोर्स शिक्षक जीतेन्द्र कुमार भगत ने व्यक्तिगत शिक्षण, निरंतर अभ्यास, विशेष शिक्षण तकनीकों और धैर्य के साथ उन्हें दांतों से पेन पकड़कर मुँह से लिखना सिखाया। लगभग चार वर्षों के निरंतर प्रयास, मार्गदर्शन और व्यक्तिगत सहयोग के बाद फैजानुल्लाह मुँह से लिखकर पढ़ाई करने और परीक्षा देने में सक्षम हुए। आज झारखंड बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल करना छात्र की दृढ़ इच्छाशक्ति, परिवार के सहयोग और शिक्षक के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। फैजानुल्लाह की सफलता समावेशी शिक्षा की सार्थकता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। यह साबित करती है कि यदि दिव्यांग बच्चों को सही समय पर उचित शिक्षण सहयोग, अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले, तो वे अपनी क्षमता से असाधारण उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। यह उपलब्धि केवल एक छात्र की परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि समावेशी शिक्षा के प्रति समर्पण, शिक्षक के अथक प्रयास और दिव्यांग बच्चों के प्रति समाज की सकारात्मक सोच का प्रतीक है। फैजानुल्लाह और रिसोर्स शिक्षक जीतेन्द्र कुमार भगत की यह प्रेरणादायक कहानी अनेक बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए आशा और प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button