चुनावी बेला में 15 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
सांसद विधायक ने शिलान्यास कर साधे मतदाता!

लोनी देहात को 14.33 करोड़ की लागत से मिलेगा बाईपास मार्ग, नहर पटरी चौड़ीकरण से आधा दर्जन गांवों और कॉलोनियों को मिलेगी बड़ी राहत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। आगामी विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच लोनी में लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों को हरी झंडी दिखाकर सांसद अतुल गर्ग और विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने क्षेत्र की जनता के बीच विकास का संदेश देने के साथ ही मतदाताओं का विश्वास जीतने की कोशिश की। शुक्रवार को शकलपुरा स्थित स्व. राजेश पायलट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें लोनी देहात के लिए 14.33 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित बाईपास मार्ग और नहर पटरी के चौड़ीकरण का कार्य प्रमुख रूप से शामिल है।
राजनीतिक दृष्टि से भी इन विकास कार्यों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संपर्क मार्ग के आसपास बसे आधा दर्जन गांवों और कॉलोनियों की बड़ी आबादी लंबे समय से बेहतर आवागमन की उम्मीद लगाए बैठी थी। खास बात यह है कि इस क्षेत्र में भाजपा समर्थकों की अच्छी-खासी आबादी होने के बावजूद इन बहुप्रतीक्षित कार्यों को अब जाकर हरी झंडी मिली है। ऐसे में चुनाव से पहले विकास योजनाओं की शुरुआत को स्थानीय लोगों के बीच अपनी उपलब्धियां पहुंचाने और राजनीतिक विश्वास मजबूत करने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग एवं लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर का ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी तथा पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कोमल गुर्जर सहित दर्जनों ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
आधा दर्जन गांवों और कॉलोनियों को मिलेगी राहत
लोनी देहात को बाईपास मार्ग की सुविधा मिलने से दिल्ली और बागपत की ओर आवागमन आसान होने की उम्मीद है। वहीं सिरौली चौकी नहर पटरी से बंथला तक सड़क के चौड़ीकरण और नहर पर पुलियों के निर्माण से आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। बंथला एवं डिकौली मार्ग पर लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत मिलने की संभावना है। नहर किनारे बसे गांवों के किसानों, विद्यार्थियों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों के लिए यह मार्ग काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
सांसद बोले, विकास में धन की कमी नहीं आने देंगे
सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार का संकल्प गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। लोनी में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विधायक नंदकिशोर गुर्जर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले दिल्ली के इतने करीब होने के बावजूद लोनी विकास के मामले में पिछड़ा क्यों रहा, इसका जवाब उन लोगों को देना चाहिए जिन्होंने वर्षों तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। आज लोनी तेजी से बदल रही है और विकास कार्यों के लिए धन की कमी बाधक नहीं बनेगी।
विधायक ने गिनाईं अपने विकास की उपलब्धियां
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि लोनी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनका संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 के बाद क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण, हिंडन नदी पर पुलों का निर्माण, नगर पालिका क्षेत्र में सीवरेज एवं बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तथा अमृत योजना के तहत प्राप्त धनराशि से विकास कार्यों को गति मिली है।
उन्होंने बताया कि शकलपुरा स्थित राजेश पायलट डिग्री कॉलेज में विधायक निधि से हॉल और अतिरिक्त कमरों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने उपस्थित ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
विकास के साथ राजनीतिक संदेश भी
लोनी में विकास कार्यों की इस सौगात को केवल निर्माण परियोजनाओं तक सीमित नहीं माना जा रहा है। चुनाव से पहले लंबे समय से प्रतीक्षित संपर्क मार्ग और अन्य योजनाओं को जमीन पर उतारने की पहल से जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता और उपलब्धियां प्रदर्शित करने का प्रयास किया है। अब देखना होगा कि इन घोषणाओं और शिलान्यास के बाद विकास कार्य कितनी तेजी से धरातल पर उतरते हैं और स्थानीय जनता को इनका वास्तविक लाभ कब तक मिल पाता है।


